रुद्रपुर में रचनात्मक कांग्रेस की पत्रकार वार्ता, 28 सितंबर को होगा उत्तराखंड जनसंवाद
रुद्रपुर। उत्तराखंड रचनात्मक कांग्रेस की ओर से शनिवार को सिटी क्लब रुद्रपुर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भुवन पाठक ने बताया कि आगामी 28 सितंबर 2026 को सोनिया होटल, रुद्रपुर में उत्तराखंड जनसंवाद का आयोजन किया जा रहा है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
उन्होंने बताया कि जनसंवाद में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से सामाजिक संगठनों, जनआंदोलनों, नागरिक संगठनों, बौद्धिक समूहों और रचनात्मक मंचों से जुड़े लोग भागीदारी करेंगे। इसके अलावा मजदूर आंदोलनों एवं ट्रेड यूनियनों से जुड़े प्रतिनिधि, स्वतंत्र मीडिया कर्मी, लेखक, कवि और रंगकर्मी भी जनसंवाद में शामिल होंगे।
रचनात्मक कांग्रेस की ओर से बताया गया कि जनसंवाद का उद्देश्य विभिन्न सामाजिक और जनसरोकारों से जुड़े समूहों को एक साझा मंच पर लाकर उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों पर संवाद स्थापित करना है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक, आर्थिक, श्रमिक, सांस्कृतिक और नागरिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रेस वार्ता का संचालन ओमकार ढिल्लन ने किया। आयोजकों ने बताया कि जनसंवाद में भाजपा और आरएसएस से जुड़े संगठनों को छोड़कर विभिन्न सामाजिक संगठनों, ट्रेड यूनियनों, समाजसेवियों, स्वतंत्र मीडिया कर्मियों, लेखकों, कवियों और रंगकर्मियों को आमंत्रित किया गया है।
रचनात्मक कांग्रेस ने पत्रकार साथियों और आमंत्रित संगठनों के प्रतिनिधियों से 28 सितंबर को होने वाले उत्तराखंड जनसंवाद में भागीदारी करने की अपील की।
स्थान : सोनिया होटल, रुद्रपुर
दिनांक : 28 सितंबर 2026
आयोजक : टीम रचनात्मक कांग्रेस, उत्तराखंड
