संदीप अरोड़ा के समर्थन में राजेश शुक्ला ने किया डोर-टू-डोर जनसंपर्कवार्ड 9 और 20 में घर-घर पहुंचे भाजपा नेता, 22 सितंबर को मतदान की अपील

Spread the love


किच्छा। नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भाजपा का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। गुरुवार को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के साथ पुरानी मंडी स्थित वार्ड संख्या 9 और वार्ड संख्या 20 गुरुद्वारा वार्ड में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया। इस दौरान वार्ड 9 की सभासद प्रत्याशी अयोध्या देवी और वार्ड 20 के सभासद प्रत्याशी प्रवीन कुमार भी मौजूद रहे।
जनसंपर्क के दौरान राजेश शुक्ला ने मतदाताओं से 22 सितंबर को भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किच्छा नगर पालिका का चुनाव नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण है। भाजपा की प्राथमिकता प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराना है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास एवं जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किच्छा के विकास को गति देने के लिए स्थानीय स्तर पर ऐसा नेतृत्व आवश्यक है, जो जनता के बीच उपलब्ध रहे और उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास करे।
भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ने कहा कि किच्छा की जनता उनके लिए केवल मतदाता नहीं, बल्कि परिवार के समान है। उन्होंने कहा कि जनता यदि उन्हें सेवा का अवसर देती है तो नगर के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। स्वच्छता, सड़क, नाली, जल निकासी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था जैसी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
अरोड़ा ने मतदाताओं से 22 सितंबर को भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य व्यक्तिगत राजनीति नहीं, बल्कि नगर की सेवा और विकास है। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर किच्छा के विकास को आगे बढ़ाने की बात कही।
वार्ड 9 की सभासद प्रत्याशी अयोध्या देवी और वार्ड 20 के प्रत्याशी प्रवीन कुमार ने भी वार्डवासियों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद किया और मतदान के दिन अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया।


Spread the love