

रुद्रपुर।गत दिनों चन्द्रदेव मंदिर से जुड़े घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में बनी चर्चाओं के बीच माननीय विधायक शिव अरोड़ा आज दिनांक 25 दिसंबर (बृहस्पतिवार) को दोपहर 2 बजे अपने कार्यालय, शिशु मंदिर के निकट, रुद्रपुर में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। इस प्रेसवार्ता में विधायक द्वारा पूरे घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट किए जाने की संभावना है।
इसी क्रम में विधायक शिव अरोड़ा ने वार्ड संख्या 37, रविंद्रनगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और क्षेत्र की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से जाना। भ्रमण के दौरान उन्होंने कई विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण कर क्षेत्र को विकास की सौगात दी।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
विधायक ने रविंद्रनगर स्थित धोबी घाट (छठ पूजा घाट) पर छठ पूजा समिति की मांग पर विधायक निधि से स्वीकृत 10 लाख रुपये की लागत से होने वाले घाट विस्तार एवं सौंदर्यकरण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल समाज की गहरी आस्था से जुड़े महापर्व छठ पूजा को देखते हुए घाट की सुविधाओं का विस्तार आवश्यक था, जिससे महिलाओं को अर्घ्य देने में सुविधा मिले और बढ़ती भीड़ को व्यवस्थित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, सुभाष चंद्र बोस मैदान के समीप बंगाली समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए 9 लाख रुपये की लागत से एक सार्वजनिक टिन शेड के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। विधायक ने कहा कि शिवरात्रि, कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा एवं चढ़क पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान यह टिन शेड श्रद्धालुओं और आयोजनों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
विधायक शिव अरोड़ा ने दुलाल राय के घर से हलदार के घर तक निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण करते हुए उसे आम जनता को समर्पित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके कार्यकाल में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों के विकास को वे प्राथमिकता दे रहे हैं, ताकि क्षेत्र के मंदिर, घाट और सार्वजनिक स्थल भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप में दिखाई दें।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, पार्षद विष्णु सिंह, छठ पूजा समिति अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, सहित बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




