

रुद्रपुर। शैल सांस्कृतिक समिति एवं शैल परिषद रुद्रपुर द्वारा आराध्य देव श्री गोलूज्यू महाराज की वार्षिक पावन यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में यात्रा के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने हेतु आज सायं 7:00 बजे श्री गोलूज्यू मंदिर, रुद्रपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है।
समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी सूचना में सभी पदाधिकारियों से समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आग्रह किया गया है, ताकि यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं, सुरक्षा, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जा सके। बैठक सांयकालीन आरती के पश्चात आयोजित होगी।
बताया गया कि श्री गोलूज्यू महाराज की यह पावन यात्रा 19 अप्रैल 2026 से अपने मूल स्थान चंपावत से प्रारंभ होगी। प्रथम दिवस यात्रा चंपावत से शुरू होकर टनकपुर, बनबसा होते हुए खटीमा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा।
द्वितीय दिवस 20 अप्रैल को प्रातः 5 बजे पूजा-अर्चना के बाद यात्रा पुनः आरंभ होगी और सुबह 11 बजे किच्छा (देवरिया) स्थित गोलूज्यू मंदिर पहुंचेगी, जहां भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके बाद दोपहर 1 बजे यात्रा आगे बढ़ेगी और लगभग 1:30 से 2:00 बजे के बीच रुद्रपुर स्थित श्री गोलूज्यू मंदिर पहुंचेगी। यहां श्रद्धालुओं के लिए अल्प विश्राम एवं जलपान की व्यवस्था रहेगी।
इसके पश्चात यात्रा दोपहर 3 बजे रुद्रपुर से हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेगी।
समिति ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।





