उधम सिंह नगर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अवैध धार्मिक संरचनाएं ध्वस्त, सरकारी भूमि मुक्त

Spread the love


उधम सिंह नगर।जिले में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने शुक्रवार तड़के गूलरभोज–दिनेशपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग की भूमि पर बनी कई अवैध धार्मिक संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड) रही थी।


प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। करीब तीन माह पूर्व जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग द्वारा संयुक्त सर्वे कराया गया था, जिसमें पाया गया कि कुछ लोगों ने बिना अनुमति के सरकारी जमीन पर धार्मिक संरचनाएं खड़ी कर दी हैं। इसके बाद संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर भूमि स्वामित्व और निर्माण संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
हालांकि, निर्धारित समयावधि के भीतर कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इस बीच कुछ कब्जाधारियों ने न्यायालय की शरण ली, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। बताया जा रहा है कि ठंडा नाला क्षेत्र में अन्य अतिक्रमणकारियों को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां से कुछ मामलों में स्थगन आदेश मिला, लेकिन जिन धार्मिक संरचनाओं पर कार्रवाई की गई, वे इस आदेश के दायरे में नहीं थीं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संबंधित तीनों धार्मिक संरचनाओं के निर्माण के लिए न तो कोई प्रशासनिक अनुमति ली गई थी और न ही भूमि स्वामित्व के कोई दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अवैध कब्जों को हटाना आवश्यक था।
कार्रवाई के दौरान मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस और सिंचाई विभाग की टीम मौजूद रही। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।


Spread the love