वह कोटद्वार के चर्चित जिम संचालक मोहम्मद दीपक के जिम की सदस्यता ले सकते हैं। इस बहाने बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में भी हैं।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में उनके इस कदम को कांग्रेस के अल्पसंख्यक कार्ड और मुहब्बत की दुकान के नैरेटिव को धार देने की रणनीतिक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
कल दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं राहुल गांंधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चार जून को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं। चार जून को वह दिल्ली से विशेष हवाई सेवा से पंतनगर पहुंचेंगे। वहां से वह हेलीकाप्टर से अल्मोड़ा जाएंगे और साढ़े ग्यारह बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी दिन दोपहर दो बजे वह पौड़ी पहुंचकर पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे। साढ़े तीन बजे के आसपास वह कोटद्वार पहुंचेंगे।
यद्यपि वहां क्या कार्यक्रम होगा, इसका उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि वह कोटद्वार में मोहम्मद दीपक से मुलाकात कर उसके जिम की सदस्यता ले सकते हैं।
कोटद्वार में मोहम्मद दीपक के जिम की ले सकते हैं सदस्यता
जिम संचालक दीपक तब चर्चा में आया था, जब इस वर्ष जनवरी में कोटद्वार में एक दुकान के बाबा नाम को लेकर हुए विवाद के दौरान दीपक ने स्वयं को मोहम्मद दीपक बताया था। तब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दीपक को हीरो और मुहब्बत की दुकान का प्रतीक बताया था।
दिल्ली जाकर दीपक ने की थी मुलाकात
इसके बाद फरवरी में दीपक ने दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इसी दौरान राहुल ने कहा था कि वह जब भी उत्तराखंड आएंगे तो कोटद्वार आकर दीपक के जिम की सदस्यता लेंगे। माना जा रहा है कि राहुल गांधी अब अपने इस वायदे को पूरा कर अल्पसंख्यकों को यह भरोसा दिलाने का प्रयास करेंगे कि कांग्रेस उनके अधिकारों के लिए मजबूती से साथ खड़ी है।
रात्रि विश्राम के लिए मसूरी पहुंचेंगे राहुल
इसके बाद राहुल कोटद्वार से रात्रि विश्राम के लिए मसूरी पहुंचेंगे। सूत्रों के अनुसार उनके ठहरने के लिए दो सितारा होटल चयनित किए गए हैं। अगले दिन पांच जून को वह मसूरी से देहरादून पहुंचेंगे और नीरजा ग्रीन फार्म में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों व आनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। वह एक घंटे तक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी करेंगे। सुबह 11 बजे वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
