विकसित भारत के संकल्प के साथ रुद्रपुर में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा, शिव अरोड़ा रहे प्रमुख रूप से मौजूदगाबा चौक को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने का महापौर विकास शर्मा ने किया ऐलान


रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को रुद्रपुर में ‘मोदी जी के 25 वर्ष : जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ की भावना को समर्पित विकसित भारत संकल्प सभा एवं भव्य सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सिटी क्लब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गाबा चौक पहुंची, जहां जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के जिला संयोजक रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा तथा सह संयोजक जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ। इस दौरान भाजपा महिला नेत्रियों द्वारा प्राकृतिक मसालों एवं विभिन्न अनाजों से तैयार की गई आकर्षक रंगोली भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड


कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के कार्यों तथा देश में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया।
इसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। राष्ट्रगान के पश्चात सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में सेवा ज्योति की मशाल लेकर शहर के प्रतिभावान खिलाड़ी लक्ष्मण सिंह सबसे आगे चले। उनके पीछे बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन ‘विकसित भारत’ के नारों के साथ आगे बढ़े।
सेवा ज्योति यात्रा सिटी क्लब से रवाना होकर बाईपास मार्ग, मुख्य बाजार और काशीपुर रोड होते हुए गाबा चौक पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं एवं लोगों ने विकसित भारत के संकल्प के साथ सहभागिता की। गाबा चौक पर आयोजित सभा में भाजपा नेताओं ने जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूत करने की बात कही।
प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कार्यक्रम और सेवा ज्योति यात्रा के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। इस अवधि में देश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई दिशा और गति हासिल की है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प है। सेवा ज्योति इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
महापौर विकास शर्मा ने गाबा चौक को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से चौक के विकास की दिशा में कार्य किया जाएगा और विकास कार्य पूर्ण होने के बाद यहां सेवा ज्योति को स्थायी रूप से प्रज्वलित किया जाएगा। फिलहाल पवित्र सेवा ज्योति को नीलकंठ धाम मंदिर में स्थापित किया जाएगा। चौक के विकास की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी ज्योति को सेवा ज्योति चौक पर स्थापित किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि सेवा ज्योति केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प है। गाबा चौक को सेवा ज्योति चौक के रूप में विकसित किए जाने से शहर में यह स्थान विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला राष्ट्रीय लक्ष्य है। सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रसेवा और विकसित भारत की भावना को समाज के बीच ले जाने का माध्यम है। उन्होंने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं एवं आमजन का आभार जताया।
भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा जनसेवा से राष्ट्रसेवा की भावना को समर्पित रही है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।
रम्पुरा में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम
इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा का संकल्प अभियान’ के तहत रुद्रपुर के रम्पुरा स्थित श्री कटोरी मंदिर में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिला मंत्री प्रमोद मित्तल एडवोकेट ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर महिलाओं एवं बच्चों से संवाद किया और उन्हें सम्मानित किया।
प्रमोद मित्तल ने केंद्र एवं उत्तराखंड सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए जनता के बीच जाकर सीधे संवाद और जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनहित से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए आमजन को योजनाओं की जानकारी होना जरूरी है।
प्रमोद मित्तल ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज की शक्ति हैं। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए शिक्षा, खेल, रोजगार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम में मातृशक्ति एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों को सम्मानित किया गया। बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए प्रमोद मित्तल ने उनके साथ समय बिताया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में आशा नेगी, बीना रावत, भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पिंकी चतुर्वेदी, महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक अनीता त्रिपाठी, सह-संयोजक पिंकी सागर, कोषाध्यक्ष माधवी दीक्षित, एनजीओ प्रकोष्ठ संयोजक खुशबू त्रिपाठी तथा महिला मोर्चा जिला मंत्री गीता भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं बच्चे मौजूद रहे।
सेवा ज्योति यात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों में सौरभ बहुगुणा, शिव अरोड़ा, विकास शर्मा, कमल जिंदल, विजय तोमर, अरविंद पांडे, त्रिलोक सिंह चीमा, दीपक बाली, राजेश शुक्ला, बलराज पासी, श्रीपाल राणा, गुरविंदर सिंह चंडोक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।