जिला स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी की बैठक में 9 जाति प्रमाण पत्र मामलों की सुनवाई

Spread the love

रुद्रपुर, 18 दिसम्बर 2025। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में जिला सभागार में जनपद स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जाति प्रमाण पत्रों से संबंधित प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई की गई। बैठक में कुल 9 मामलों पर विस्तार से विचार किया गया। कुछ मामलों में संबंधित पक्षों को अंतिम अवसर देते हुए सुनवाई के निर्देश दिए गए, जबकि शेष प्रकरणों का निस्तारण कर आदेश पारित करने के निर्देश दिए गए।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गलत अभिलेखों के आधार पर या कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से प्रमाण पत्र बनवाने वालों तथा ऐसे प्रमाण पत्र जारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि कोई भी व्यक्ति गलत दस्तावेज लगाकर प्रमाण पत्र प्राप्त करने का प्रयास न करे।

उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में पिछले पांच वर्षों में निर्गत जाति प्रमाण पत्रों की जांच की जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत स्क्रूटनी कमेटी द्वारा प्राप्त शिकायतों के संबंध में शिकायतकर्ताओं एवं पक्षकारों के बयान भी दर्ज किए गए।

बैठक में उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, ऋचा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, तहसीलदार किच्छा गिरीश त्रिपाठी, पटल प्रभारी सचिन काला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उप जिलाधिकारी बाजपुर डॉ. अमृता शर्मा एवं तहसीलदार लीना भट्ट वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुईं।


Spread the love