रुड़की में रजत पदक विजेता शुभम जुयाल का ऐतिहासिक स्वागत, ढंडेरा में उमड़ा जनसैलाब

Spread the love


रुड़की, 7 अगस्त। कॉमनवेल्थ गेम्स की शॉट पुट स्पर्धा में भारत के लिए रजत पदक जीतकर देश, उत्तराखंड और रुड़की क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाड़ी शुभम जुयाल का अपने गृह क्षेत्र आदर्श शिवाजी नगर, नगर पंचायत ढंडेरा पहुंचने पर भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं और जयघोष के बीच शुभम जुयाल का स्वागत किया गया। क्षेत्रवासियों ने उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण बताते हुए खुशी जाहिर की।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


कार्यक्रम में नगर पंचायत ढंडेरा के अध्यक्ष सतीश नेगी ने शुभम जुयाल का शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर शुभम जुयाल की माताजी अनीता जुयाल और पत्नी निशा जुयाल का भी सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने शुभम जुयाल की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र की उपलब्धि बताते हुए उनका जोरदार स्वागत किया।
अपने संबोधन में चेयरमैन सतीश नेगी ने कहा कि शुभम जुयाल ने अथक परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि शुभम की यह सफलता उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि शुभम भविष्य में भी ओलंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।
आदर्श शिवाजी नगर कॉलोनी के अध्यक्ष रविंद्र पवार ने कहा कि शुभम जुयाल की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का वातावरण है। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले युवाओं को शुभम से प्रेरणा लेकर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। नगर पंचायत ढंडेरा के सभासद विजय सिंह पवार ने कहा कि शुभम की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और कठिन मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने शुभम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में वे भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचेंगे।
कार्यक्रम के दौरान शुभम जुयाल ने सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने लोगों का जो प्रेम और सम्मान मिला है, वह उनके लिए किसी भी पुरस्कार से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने युवाओं से खेलों में आगे आने और अनुशासन व मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और सभी ने शुभम जुयाल के साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के नारों और शुभकामनाओं का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर सतीश नेगी (चेयरमैन नगर पंचायत ढंडेरा), रविंद्र पवार (अध्यक्ष, आदर्श शिवाजी नगर कॉलोनी), विजय सिंह पवार (सभासद, नगर पंचायत ढंडेरा), ममता (महिला अध्यक्ष), शिवानी जुयाल, अक्षय जुयाल, अनीता जुयाल, निशा जुयाल, कुंदन सिंह, जय सिंह, गायत्री देवी, गुड्डी देवी, तीर्थ सिंह रावत, भागचंद सिंह रावत, कुंवर सिंह रावत, कुंवर सिंह चौधरी, वीरेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह नेगी, विमला, श्याम सिंह पवार, शीला बिष्ट, गंगा सिंह बिष्ट, बलवंत सिंह, प्रताप सिंह, योगेंद्र रौथान, विश्वंभरी देवी, यशोदा नेगी, बिमला रावत, उर्मिला रावत, शोभा रावत, शकुंतला असवाल, सुशील चौहान, बीर गोसाई, आलम सिंह रावत, सुलोचना रावत, कैलाश डोबरियाल, नरेंद्र सिंह राणा, संगीता डोबरियाल, सुरेंद्र सिंह पवार, अनुष्का प्रसाद जोशी, विक्रांत, अंकित रावत, आतेश कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने शुभम जुयाल के सम्मान में जोरदार तालियां बजाईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्रवासियों ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर शुभम जुयाल ने केवल अपने परिवार या क्षेत्र का ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और भारत का सम्मान बढ़ाया है। सभी ने एक स्वर में विश्वास जताया कि शुभम आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर स्वर्णिम सफलता हासिल कर देश का गौरव और अधिक बढ़ाएंगे। यह सम्मान समारोह क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।


Spread the love