HKP प्रत्याशी लाल सिंह बिष्ट बोले – “अब पहाड़ का बजट, पहाड़ के काम में और पहाड़ का ठेका, पहाड़ के बेटे को मिलेगा”
जड़ाऊखांद/पौड़ी गढ़वाल, 26 सितंबर।
हिमालय क्रांति पार्टी (HKP) उत्तराखंड के प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में चल रही “पहाड़ जनस्वाभिमान जनसंपर्क यात्रा” शनिवार को दिगोलीखाल से प्रारंभ होकर परसौली, मंजेड़ा, जड़ाऊखांद, भरतपुर होते हुए गौलीखाल में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। जनसंपर्क अभियान में सैकड़ों परिवारों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को सुना गया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, स्वास्थ्य और जंगलाग्नि की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। लोगों ने कहा कि वर्षों से पहाड़ की उपेक्षा हुई है और अब स्थानीय नेतृत्व को आगे आना होगा। ग्रामीणों का कहना था कि “दिल्ली और देहरादून ने पहाड़ को केवल चुनावी मुद्दा बनाकर छोड़ दिया है।”
इस दौरान HKP प्रत्याशी लाल सिंह बिष्ट ने जनता के सामने तीन सूत्रीय संकल्प प्रस्तुत करते हुए कहा कि विधायक निधि और निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वीकृत बजट का पूरा उपयोग विकास कार्यों में होगा और कागजी खानापूर्ति नहीं चलने दी जाएगी। साथ ही बड़े निर्माण कार्यों को छोटे हिस्सों में बांटकर स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को ठेके दिए जाएंगे, जिससे पहाड़ के युवाओं को रोजगार मिल सके।
जनसभाओं को संबोधित करते हुए हिमालय क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बिष्ट, राष्ट्रीय महासचिव शंकर दत्त सती, प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट, पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बृजमोहन सिंह गुसाईं तथा गजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि HKP पहाड़ के संसाधनों, रोजगार और स्वाभिमान की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है। नेताओं ने कहा कि पहाड़ का विकास तभी संभव है जब स्थानीय लोगों को निर्णय प्रक्रिया और विकास कार्यों में प्राथमिकता दी जाए।
जनसंपर्क अभियान में पौड़ी जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत, श्रीमती भारती बिष्ट, संतोष मंडवाल, अर्जुन सिंह रावत, राम दत्त, हिमेश भंडारी, महेश डौर्बी, बृजेश चंद्र, आदित्य सिंह पटवाल, ध्रुव सिंह भंडारी, अशोक कुमार, मोहन जी सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने कहा कि दिगोलीखाल से गौलीखाल तक जनता द्वारा मिले अपार समर्थन और उत्साह से स्पष्ट है कि अब पहाड़ अपने हक और स्वाभिमान के लिए एकजुट होकर खड़ा हो चुका है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नेतृत्व ही पहाड़ का सामाजिक और विकासात्मक ऋण चुका सकता है।
