

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘विकसित उत्तराखंड’ विजन को धरातल पर उतारते हुए नगर निगम रुद्रपुर ने शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। वार्ड संख्या 39, जगतपुरा में जनभावनाओं के प्रतीक ‘माता गुजर कौर स्मृति द्वार’ का महापौर विकास शर्मा ने विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी आवास विकास जगतपुरा एवं स्थानीय नागरिकों ने महापौर और वार्ड पार्षद सौरभ राज बेहड़ का फूल-मालाओं से स्वागत कर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर अब केवल औद्योगिक पहचान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक ‘आदर्श मॉडल सिटी’ के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि शहर का विकास केवल ईंट-पत्थरों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना ही सरकार और नगर निगम का उद्देश्य है। चौड़ी सड़कें, हरियाली, स्वच्छता और बेहतर जनसुविधाएं—इन सभी पर समान रूप से काम किया जा रहा है।
महापौर ने बताया कि नगर निगम अब पारंपरिक दायरे से आगे बढ़कर जनकल्याण के व्यापक क्षेत्रों में सक्रिय है। शहर में संचालित आठ आरोग्य केंद्र हजारों नागरिकों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही, नगर निगम को ‘सिंगल विंडो’ व्यवस्था के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि समाज कल्याण, श्रम विभाग सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को एक ही छत के नीचे मिल सके।
विकास कार्यों में पारदर्शिता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि निगम की कार्यशैली राजनीति से परे है। सत्ता पक्ष या विपक्ष—हर वार्ड में विकास ही प्राथमिकता है। बोर्ड बैठकों में पारित करोड़ों रुपये के प्रस्तावों पर तेज़ी से हो रहा निर्माण कार्य इसकी गवाही देता है। आने वाले समय में मुख्यमंत्री के सहयोग से कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू होंगे, जो रुद्रपुर को प्रदेश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों की कतार में खड़ा करेंगे।
माता गुजर कौर स्मृति द्वार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महापौर ने कहा कि विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संजोना हमारी जिम्मेदारी है। यह द्वार नई पीढ़ी को हमारे गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का माध्यम बनेगा। वहीं पार्षद सौरभ राज बेहड़ ने क्षेत्र की पुरानी मांग पूरी होने पर नगर निगम और महापौर का आभार जताया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महामंत्री तरुण दत्ता, वरिष्ठ नेता सुरेश कोली, पारस चुघ सहित अनेक पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




