देहरादून से गिरफ्तार तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच) से जुड़े संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस विक्रांत कश्यप का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ था।

Spread the love

उत्तराखंड एसटीएफ ने आरोपित का मोबाइल रिकार्ड खंगाला तो उसमें 10 संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपित का कनेक्शन महाराष्ट्र, राजस्थान, जम्मू एंड कश्मीर, पंजाब व उत्तर प्रदेश में था। वह इन राज्यों में बैठे संदिग्धों से बात करता था।

एसटीएफ ने पांचों राज्यों से पत्राचार कर विक्रांत कश्यप के नेटवर्क को खंगालने को कहा है। इन राज्यों में वह किसके संपर्क में था, जांच में यह बात सामने आएगी। इसके अलावा एसटीएफ ने केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दी थी।

वहीं आरोपित के मोबाइल की जांच देहरादून के फारेंसिक लैब से करवाई जा रही है। फारेंसिक जांच में कुछ और भी जानकारी हाथ लगने की संभावना है।

एसटीएफ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को देहरादून दौरे से ठीक पहले राजधानी में टीटीएच के संदिग्ध जासूस विक्रांत कश्यप को गिरफ्तार कर उसके पास से 0.32 बोर की पिस्टल बरामद की थी।

आरोपित से कुछ डिजिटल डिवाइस व दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनकी फारेंसिक जांच कराई जा रही है। एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपित किसी बड़े माड्यूल का हिस्सा है या अकेले काम कर रहा था।

पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी ने दिए थे टास्क

अब तक हुई जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठे टीटीएच एजेंट शहजाद भट्टी ने विक्रांत कश्यप को पहले टास्क के रूप में देहरादून स्थित आइएसबीटी, पुलिस मुख्यालय, आइएमए व अन्य महत्वपूर्ण सरकारी भवनों पर ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच) लिखने को कहा गया, ताकि टीटीएच नाम से दहशत फैला सकें।

इसके बाद उसे दूसरा टास्क दिल्ली स्थित एक संगठन के कार्यकर्ताओं व सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता पर हैंड ग्रेनेड फेंकने का टास्क दिया गया था। यदि आरोपित समय पर नहीं पकड़ा जाता तो बड़ी घटना को अंजाम दे सकता था।

सिद्धू मूसेवाला का था फैन, हत्या से था नाराज

विक्रांत कश्यप पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का फैन था। उसकी हत्या से वह नाराज था और हत्या करने वालों से बदला लेना चाहता था। आरोपित के पास जो पिस्टल बरामद हुई, वह उसे दिल्ली के रहने वाले एक व्यक्ति ने उपलब्ध कराई थी।

आरोप है कि पाकिस्तान में बैठे टीटीएच के जासूस शहजाद भट्टी ने विक्रांत कश्यप को यह पिस्टल टीटीएच ज्वाइन करने के बदले गिफ्ट के रूप में दी थी।

देहरादून से गिरफ्तार किए गए तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के संदिग्ध जासूस विक्रांत कश्यप का नेटवर्क खंगाला जा रहा है। आरोपित के बारे में कुछ इनपुट्स मिले हैं, जिसकी जांच करवाई जा रही है।
– अजय सिंह, एसएसपी, एसटीएफ


Spread the love