मेरठ के सनसनीखेज सौरभ हत्याकांड में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। बता दें, इस मामले में मुख्य आरोपी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को दोषी ठहराया गया है।

कोर्ट ने माना कि दोनों ने मिलकर सौरभ राजपूत की हत्या की और बाद में सबूत मिटाने की कोशिश की। हालांकि सजा का ऐलान अभी नहीं हुआ है।

कोर्ट ने आरोपियों से किया क्या सवाल

कोर्ट में सुनवाई के दौरान जज ने दोनों आरोपियों से पूछा कि उन्हें कम सजा क्यों दी जाए, इस पर दोनों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। सरकारी वकील के मुताबिक दोनों मानसिक रूप से इस बात के लिए तैयार थे कि उन्हें सजा मिलेगी। अदालत ने कहा कि करीब 15 दिन बाद सजा के बिंदु पर बहस होगी, जिसके बाद सजा तय की जाएगी।

कब शुरू हुआ ये मामला

यह मामला 3 मार्च 2025 का है। आरोप है कि मुस्कान ने पति सौरभ को खाने में नशीली दवा मिलाकर बेहोश किया और फिर प्रेमी साहिल के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव के चार टुकड़े कर उसे एक बड़े नीले ड्रम में भर दिया गया और ऊपर से सीमेंट का घोल डालकर सील कर दिया गया ताकि किसी को शक न हो। इस वारदात ने पूरे देश को हिला दिया था।

जानकारी के अनुसार सौरभ 24 फरवरी 2025 को लंदन से मेरठ लौटा था। 25 फरवरी को उसके लौटने की खुशी में घर में पार्टी रखी गई और 28 फरवरी को बेटी पीहू का जन्मदिन मनाया गया। इसके बाद 3 मार्च की रात यह खौफनाक वारदात हुई। हत्या के करीब 15 दिन बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

1000 पन्नों की चार्जशीच की थी दाखिल

इस केस में पुलिस ने लगभग 1000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद जुलाई 2025 में ट्रायल शुरू हुआ और 126 से ज्यादा तारीखों पर सुनवाई हुई। इस दौरान 22 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए। 19 सितंबर को कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था और अब दोषी करार दिया है।

अभियोजन पक्ष ने क्या कहा?

अभियोजन पक्ष के वकील के.के. चौबे ने बताया कि कोर्ट ने पेश किए गए सभी सबूतों को पर्याप्त माना है। उन्होंने कहा कि अदालत ने माना कि इस तरह के अपराध समाज पर गलत असर डालते हैं और पति-पत्नी जैसे रिश्ते की पवित्रता को ठेस पहुंचाते हैं। इसलिए ऐसे मामलों में कड़ी सजा जरूरी है। अभियोजन पक्ष अधिकतम सजा की मांग करेगा। वहीं सौरभ के परिवार में फैसले के बाद भावुक माहौल है। उसकी बुआ ने दोनों दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।

Advertisement