SIR के बाद ऊधम सिंह नगर में 8,644 नाम मतदाता सूची से हटेSIR पूरा: ऊधम सिंह नगर में 8,644 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, राजनीतिक दलों को सौंपी गईं फोटोयुक्त मतदाता सूचियां


रुद्रपुर, 6 अक्टूबर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने अपने कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में SIR की प्रगति, मतदाता सूची में हुए बदलाव और आगामी निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद ऊधम सिंह नगर में SIR का कार्य पूरा हो चुका है। 14 जुलाई 2026 से 29 सितंबर 2026 तक चली पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 8,644 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार ही किए जाएंगे। प्रशासन का प्रयास है कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
बैठक में जनपद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी ने प्रतिनिधियों को मतदाता सूचियों और SIR से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी।
अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशासन को सहयोग देने की अपेक्षा की।
बैठक में भाजपा के ब्रिजेश सिंह, बसपा के चंद्रशेखर राव, आम आदमी पार्टी के विजय सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी आर.एस. अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | अवतार सिंह बिष्ट उत्तराखंड रुद्रपुर

Advertisement