उत्तराखंड,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर ऋषिकेश पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
गृह मंत्री अमित शाह बुधवार अपराह्न ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम स्थित गीता भवन पहुंचेंगे, जहां वह गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित होने वाली प्रसिद्ध मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के प्रकाशन के सौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम शाम तीन बजे गीता भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें संत-महात्माओं, विद्वानों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
कार्यक्रम में सहभागिता के बाद गृह मंत्री सड़क मार्ग से हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। हरिद्वार पहुंचकर वह रात्रि विश्राम योग गुरु रामदेव के पतंजलि योगपीठ में करेंगे। उनके प्रवास को लेकर हरिद्वार में भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह गायत्री परिवार की ओर से आयोजित ‘शताब्दी वर्ष समारोह’ में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में देश-विदेश से जुड़े गायत्री परिवार के प्रतिनिधि और अनुयायी भाग लेंगे।
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए ऋषिकेश और हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। कार्यक्रम स्थलों और आवागमन मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गृह मंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

