एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में अपराधियों पर कड़ा प्रहार, ऊधमसिंहनगर पुलिस की शानदार सफलता

Spread the love

उधम सिंह नगर जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने शानदार कार्रवाई कर अपराधियों की कमर तोड़ दी है। ताबड़तोड़ अभियानों, मुठभेड़ों और विशेष अभियानों के जरिए जिले की पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत किया है।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)संवाददाता

पेट्रोल पंप डकैती करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़

कोतवाली किच्छा और खटीमा क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने जबरदस्त कार्रवाई की। आरोपियों की तलाश में लगी पुलिस टीम का बदमाशों से आमना-सामना हुआ और मुठभेड़ में पांच बदमाशों को धर दबोचा गया। इस दौरान एक बदमाश को गोली भी लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बदमाशों से घटना में प्रयुक्त दो तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस, नकदी और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की। कोतवाली खटीमा और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए।

घटनास्थल और अस्पताल का मौका मुआयना स्वयं एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने किया और स्पष्ट संदेश दिया कि “बदमाशों की बदमाशी ठीक की जाएगी, उन्हें जेल भेजा जाएगा।”

अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई

एसएसपी मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब व नशा तस्करी के खिलाफ भी पुलिस ने मोर्चा खोल रखा है:

  • दिनेशपुर पुलिस ने 42 लीटर अवैध शराब और शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
  • जसपुर पुलिस ने 8.42 ग्राम स्मैक (हीरोइन) के साथ दो स्मैक तस्करों को दबोचा।
  • कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
  • थाना कुंडा पुलिस ने 83 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार : 4 लाख की अफीम बरामद

उधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ भी बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शातिर नशा तस्कर रंजीत को गिरफ्तार करते हुए करीब 4 लाख रुपए कीमत की अफीम बरामद की। यह कार्रवाई जिले में नशा माफियाओं के खिलाफ एसएसपी मिश्रा की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रमाण है।

ऑपरेशन क्लीनस्वीप : अपराधियों में हड़कंप

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के आदेश पर जिले में ऑपरेशन क्लीनस्वीप चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी सर्किल और थानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जम्मू-कश्मीर में हालिया आतंकी घटनाओं को देखते हुए जिले के चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, होटलों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

सुबह चार बजे से शुरू किए गए इस अभियान में धार्मिक स्थलों और महत्वपूर्ण स्थलों की बारीकी से चेकिंग की जा रही है। चार धाम यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए भी ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह कटिबद्ध है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के कुशल नेतृत्व में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब पुलिस प्रशासन गंभीरता और प्रतिबद्धता से कार्य करता है, तो अपराधी चाहे जितने भी शातिर हों, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते। मुठभेड़, गिरफ्तारी, नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई और व्यापक चेकिंग अभियानों के जरिए पुलिस ने जनपद में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में खौफ दोनों पैदा कर दिया है।

जनपदवासियों ने भी उधम सिंह नगर पुलिस की इस मुहिम की सराहना करते हुए विश्वास जताया है कि इस तरह की कार्रवाईयों से जिले को अपराध मुक्त बनाने का सपना जल्द ही साकार होगा।



Spread the love