इंस्टाग्राम पर धमकियों से यूकेडी नेता परेशान, केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार

Spread the love


हल्द्वानी। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल ने इंस्टाग्राम के माध्यम से मिली कथित अश्लील गालियों, अभद्र संदेशों और जान से मारने की धमकियों के मामले में हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर देकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


सुशील उनियाल ने बताया कि एक राजनीतिक व्यंग्यात्मक पोस्ट साझा करने के बाद कुछ इंस्टाग्राम अकाउंटों से उन्हें लगातार अपमानजनक संदेश और धमकियां भेजी गईं। उनका आरोप है कि संदेशों में जान से मारने, गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने और परिवार को लेकर अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।
तहरीर में उन्होंने संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंटों का उल्लेख करते हुए बताया कि कई संदेश इतने आपत्तिजनक हैं कि उन्हें सार्वजनिक रूप से साझा भी नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
यूकेडी नेता ने पुलिस से मांग की है कि मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए तथा उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।


Spread the love