जिला पंचायत एवं ब्लाक प्रमुख चुनाव: आरओ-एआरओ को निर्वाचन प्रक्रिया का प्रशिक्षण

जिला पंचायत एवं ब्लाक प्रमुख चुनाव: आरओ-एआरओ को निर्वाचन प्रक्रिया का प्रशिक्षण

रुद्रपुर, 08 अगस्त 2025 – जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा ब्लाक प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख के चुनाव को लेकर आज जिला सभागार में आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) एवं एआरओ (असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर) को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने की।

अवतार सिंह बिष्ट संपादक हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नामांकन, जांच, नाम वापसी और मतगणना की प्रक्रिया में पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने बताया कि चुनाव कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा –

  • 11 अगस्त: पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन, अपराह्न 3:30 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच।
  • 12 अगस्त: पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक नाम वापसी।
  • 14 अगस्त: पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान, इसके बाद मतगणना।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदान और मतगणना की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी तथा मत की गोपनीयता हर हाल में बनी रहनी चाहिए। मतदान कक्ष में मोबाइल फोन, कैमरा और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि मतदान और मतगणना स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती होगी और उप जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहेंगे। साथ ही सभी आरओ और एआरओ को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए।