रुद्रपुर में दो स्थानीय अवकाश घोषित, वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क तीर्थयात्रा और युवाओं के लिए पर्वतारोहण अभियान का अवसर

Spread the love



रुद्रपुर, 13 अगस्त 2026। जनपद ऊधमसिंह नगर में जिला न्यायाधीश सिकंद कुमार त्यागी ने वर्ष 2026 के लिए दो स्थानीय अवकाश घोषित किए हैं। 5 सितंबर 2026 को नंदोत्सव एवं शिक्षक दिवस तथा 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिला न्यायालय रुद्रपुर सहित काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज और किच्छा स्थित सभी न्यायालय एवं कार्यालय बंद रहेंगे।
वहीं, जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि पंडित दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को राज्य के विभिन्न धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराई जाएगी। इस योजना में श्री गंगोत्री धाम, श्री बद्रीनाथ धाम, रीठा-मीठा साहिब, नानकमत्ता, कलियर शरीफ, ताड़केश्वर, कालीमठ, जागेश्वर, गैराड़गोलू, गंगोलीहाट, बैजनाथ, महासू देवता हनोल, कालिका और ज्वालपा धाम शामिल हैं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


योजना के अंतर्गत आवास, भोजन और परिवहन की व्यवस्था सरकार की ओर से की जाएगी। इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों को आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड अथवा आयु प्रमाण पत्र और स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण पत्र जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, विकास भवन के निकट, रुद्रपुर में जमा करना होगा। योजना का लाभ केवल एक बार और एक तीर्थ स्थल के लिए ही दिया जाएगा।
इसके अलावा, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद द्वारा सितंबर और अक्टूबर 2026 में पर्वतारोहण अभियानों का आयोजन किया जाएगा। जनपद से पांच प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। माउंट भागीरथी द्वितीय और माउंट पंचाचुली प्रथम अभियान में केवल युवक भाग ले सकेंगे, जबकि माउंट स्वर्गारोहिणी अभियान केवल युवतियों के लिए निर्धारित किया गया है।
पर्वतारोहण अभियान में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों के पास बेसिक और एडवांस पर्वतारोहण प्रशिक्षण में ‘ए’ ग्रेड होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक प्रतिभागी 25 अगस्त तक अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, रुद्रपुर में जमा कर सकते हैं।


Spread the love