रुद्रपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के रुद्रपुर आगमन पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। सोनिया होटल में आयोजित कांग्रेस की बैठक के दौरान ठुकराल ने खड़गे को अंगवस्त्र एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा हुई। खड़गे के रुद्रपुर पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने के साथ स्थानीय समस्याओं को भी प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
ठुकराल ने कहा कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच संवाद स्थापित करेंगे। घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और जनहित के विषयों को लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की जनता से उनका लंबे समय से सीधा जुड़ाव रहा है। विधायक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में उठाने और जनता के बीच रहकर कार्य करने का प्रयास किया। उन्होंने आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।
