ऊधम सिंह नगर में झमाझम बारिश, किच्छा में 130 मिमी और रुद्रपुर में 68.67 मिमी वर्षा; सभी नदियां और जलाशय सामान्य स्तर पर

Spread the love

पर
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में सोमवार सुबह से लगातार वर्षा का दौर जारी है। जिला आपदा परिचालन केंद्र (DEOC) की सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में व्यापक बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि सभी प्रमुख नदियों और जलाशयों का जलस्तर अभी सामान्य श्रेणी में बना हुआ है तथा किसी प्रकार की बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है।
पिछले 24 घंटों में किच्छा में सर्वाधिक 130.00 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा खटीमा में 75.00 मिमी, रुद्रपुर में 68.67 मिमी, सितारगंज में 47.00 मिमी, काशीपुर में 31.00 मिमी, बाजपुर में 26.50 मिमी, जसपुर में 12.00 मिमी तथा गदरपुर में 7.00 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। जिले का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार सुखी/बेगुल, कैलाश, जगबूड़ा, परवीन, देवहा, कामन और गौला सहित सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से काफी नीचे है। मुख्य शारदा नहर का जलप्रवाह 11,242 क्यूसेक दर्ज किया गया, जो निर्धारित सीमा के भीतर है।
जिले के बैगुल, नानक सागर, शारदा सागर, बौर, हरिपुरा, तुमरिया और धौरा जलाशयों का जलस्तर भी सामान्य स्थिति में है तथा कहीं से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सभी सड़क मार्ग, संचार सेवाएं, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। प्रशासन लगातार मौसम और जलस्तर की निगरानी कर रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए सभी विभागों को सतर्क रखा गया है।


Spread the love