तीनपानी डैम का निर्माण बरसात से पहले पूरा करें: विकास शर्मामहापौर ने किया पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

Spread the love


रुद्रपुर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 फुलसुंगा स्थित तीनपानी डैम के पुनर्निर्माण कार्य का महापौर विकास शर्मा ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को बरसात शुरू होने से पहले जल निकासी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता पी.के. दीक्षित एवं अपर सहायक अभियंता हरपाल सिंह से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि तीनपानी डैम लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। डैम के निकासी गेटों की क्षमता कम होने के कारण बरसात में जल निकासी बाधित होती थी, जिससे वार्ड नंबर-1 फुलसुंगा समेत आसपास की कॉलोनियों और निचले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती थी। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों की इस समस्या को उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से उठाया था।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनहित को देखते हुए इस परियोजना को अपनी घोषणाओं में शामिल करते हुए 1.84 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की, जिसके बाद सिंचाई विभाग द्वारा डैम के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया गया। वर्तमान में आरसीसी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
विकास शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात से पहले जल निकासी व्यवस्था को सुचारू करने वाले सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं ताकि क्षेत्रवासियों को इस वर्ष जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हजारों लोगों को राहत देने वाला महत्वपूर्ण जनहित का कार्य है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य में कुछ विद्युत पोल बाधा बन रहे हैं, जिन्हें स्थानांतरित किया जाना आवश्यक है। इस पर महापौर ने आश्वासन दिया कि वह विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर जल्द ही पोलों को शिफ्ट कराने की व्यवस्था करेंगे ताकि कार्य में कोई बाधा न आए।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जनता से जुड़े विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनपानी डैम का पुनर्निर्माण पूरा होने के बाद फुलसुंगा एवं आसपास के क्षेत्रों को वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से महापौर विकास शर्मा, अधीक्षण अभियंता पी.के. दीक्षित तथा अपर सहायक अभियंता हरपाल सिंह मौजूद रहे।


Spread the love