सांसद स्तरीय खेल महाकुम्भ 2025: रुद्रपुर में फुटबॉल प्रतियोगिताओं का शानदार आगाज़, खिलाड़ियों में दिखा जोश

Spread the love


रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)।युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित खेल महाकुम्भ 2025 के अंतर्गत मा० मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत सांसद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर में भव्य रूप से किया गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन संसदीय क्षेत्र नैनीताल–ऊधम सिंह नगर की 14 विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने फुटबॉल (अंडर-14 व अंडर-19 बालक वर्ग) में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मा० सांसद श्री अजय भट्ट एवं विशिष्ट अतिथि मा० विधायक श्री शिव अरोड़ा द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करते हुए अनुशासन, समर्पण और सच्ची खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।
जिला युवा कल्याण एवं प्रा० रक्षक दल अधिकारी श्री भूपेन्द्र सिंह रावत ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों से खेल महाकुम्भ 2025 की गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान किया। उपस्थित अतिथियों को बैज व टोपी पहनाकर कार्यक्रम की औपचारिक सदस्यता भी ग्रहण कराई गई।
मैच परिणाम (दोपहर तक):
अंडर-19 फुटबॉल बालक वर्ग: विधानसभा गदरपुर ने विधानसभा नैनीताल को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। गदरपुर की ओर से अभिजीत मल्लिक ने निर्णायक गोल किया।
अंडर-14 फुटबॉल बालक वर्ग: विधानसभा रुद्रपुर ने विधानसभा कालाढूंगी को 3-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। रुद्रपुर के रितेश ने 2 गोल तथा गौरांश ने 1 गोल किया।
प्रतियोगिता में श्री दिनेश सिंह (मैच रेफरी), खेल समन्वयक इंस्पेक्टर श्री योगेन्द्र देव, एसआई श्री होशियार बोहरा, हेड कॉन्स्टेबल श्री कमल सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने निष्पक्ष रेफरी की भूमिका निभाई।
मंच संचालन श्री हरीश दनाई एवं श्री धीरज पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिनका संचालन सुस्पष्ट, अनुशासित और खेल भावना से परिपूर्ण रहा।
संकलन एवं अभिलेख कार्य में विशेष योगदान
कार्यक्रम के सुचारु संकलन, दस्तावेजीकरण और लेखन कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में श्री त्रिभुवन, श्री रजत चौहान, श्री सागर रावत, श्री आनंद देव, श्री अखिलेश मंडल सहित पूरी टीम का उल्लेखनीय योगदान रहा। इन संकलनकर्ताओं ने परिणामों, प्रतिभागियों और कार्यक्रम की प्रत्येक गतिविधि को व्यवस्थित रूप से संजोकर आयोजन को पेशेवर और स्मरणीय बनाया। उनकी तत्परता, सटीकता और टीमवर्क ने प्रतियोगिता की विश्वसनीयता और गरिमा को और बढ़ाया—जिसके लिए वे प्रशंसा के पात्र हैं।
कार्यक्रम में गिरीश जोशी, श्री भूपेश पाण्डे, श्री राकेश मेहरा, 31वीं वाहिनी पीएसी के निरीक्षक, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की, नागेंद्र शर्मा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्री यशवन्त कुमार (रुद्रपुर), श्री नवीन चन्द्र (गदरपुर), श्रीमती अंशु देवी (बाजपुर) सहित अनेक अधिकारी, प्रशिक्षक, पीआरडी स्वयंसेवक व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अंत में जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी श्री भूपेन्द्र सिंह रावत ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया तथा जानकारी दी कि राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के ट्रायल 12 जनवरी 2026 को स्पोर्ट्स स्टेडियम, काशीपुर में आयोजित किए जाएंगे।


Spread the love