

हल्द्वानी/रुद्रपुर (संवाददाता)। पत्रकार प्रेस महासंघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुलाटी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। अनुभवी और निष्ठावान पत्रकारों के साथ गहन विचार-विमर्श के बाद गठित इस टीम में वरिष्ठता और अनुभव को प्राथमिकता दी गई है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुलाटी ने बताया कि संगठन की मजबूती के लिए वरिष्ठ पत्रकार अविकल थपलियाल और अनिल शर्मा को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पत्रकारों के विधिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवोकेट उमेश जोशी को कानूनी सलाहकार नियुक्त किया गया है।
नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ पत्रकार परम पाल सुखीजा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उत्तराखंड), जगदीश चंद्र को प्रदेश महामंत्री, जबकि मोहम्मद यासीन और दीपक कुकरेजा को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन के विस्तार को जिला और तहसील स्तर तक बढ़ाते हुए देहरादून जिले की कमान रंजीत वेद को सौंपी गई है। उधम सिंह नगर जिला अध्यक्ष के रूप में नरेंद्र राठौड़ और नैनीताल जिला अध्यक्ष के रूप में उर्वा दत्त भट्ट को जिम्मेदारी दी गई है। महानगर रुद्रपुर अध्यक्ष पद पर अमन सिंह को नियुक्त किया गया है।
तहसील स्तर पर भी कई अहम नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें प्रदीप श्रीवास्तव (जसपुर), प्रेम प्रकाश साहनी (काशीपुर), गुरदीप सिंह (सितारगंज), विकास शील (खटीमा), शुभम गौड़ (टनकपुर), अनिल सागर (नानकमत्ता) और संदीप पाठक (रानीखेत) को तहसील अध्यक्ष बनाया गया है।
अशोक गुलाटी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन हित में पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों का उत्पीड़न किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने बताया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पत्रकारों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपेगा।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि संगठन के दूसरे चरण के विस्तार में अन्य अनुभवी और ईमानदार पत्रकारों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।




