“पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी इलाकों में खिली धूप—उधम सिंह नगर में मौसम साफ”

Spread the love



उत्तराखंड में मौसम ने हल्का करवट लेना शुरू कर दिया है। पर्वतीय जिलों में जहां हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की गतिविधियां बनी हुई हैं, वहीं मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने से लोगों को राहत मिल रही है। तापमान में हालिया गिरावट के चलते ठंड का असर एक बार फिर महसूस किया गया, लेकिन अब धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश, गरज-चमक और 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। हालांकि किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादलों से ढका हुआ है। चटक धूप निकलने से लोगों को ठंडी हवाओं से राहत मिली है और अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, लेकिन आने वाले 4 से 5 दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है।
बीते 24 घंटों के दौरान जाखोली, मनेरी, त्यूनी, जानकी चट्टी और अल्मोड़ा समेत कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए पहाड़ों की ओर यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं उधम सिंह नगर में मौसम पूरी तरह साफ है। तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है और दिन का तापमान सामान्य की ओर बढ़ रहा है। साफ मौसम के चलते जनजीवन सामान्य बना हुआ है।


Spread the love