सिरौलीकला नगर पालिका की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी, 7 मई को अंतिम प्रकाशन

Spread the love


रुद्रपुर।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचस्थानीय) नितिन सिंह भदौरिया ने नगर पालिका परिषद सिरौलीकला की निर्वाचन नामावलियों (मतदाता सूचियों) के विस्तृत पुनरीक्षण हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी की जानकारी दी है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)

उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल तक प्रारूप नामावली की पांडुलिपि तैयार की जाएगी, जबकि 17 से 23 अप्रैल तक डाटा एंट्री और फोटो स्टेट का कार्य संपन्न होगा। 24 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा।
इसके बाद 25 अप्रैल से 1 मई तक आम नागरिकों को सूची का निरीक्षण करने तथा दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। 2 और 3 मई को इन दावों व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 4 से 6 मई के बीच पूरक सूचियों की डाटा एंट्री और फोटो स्टेट का कार्य किया जाएगा, जबकि 7 मई को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन जनसामान्य के लिए किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी 2026 को संदर्भ तिथि मानते हुए ऐसे सभी नागरिकों के नाम सूची में जोड़े जाएंगे, जो इस तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी अंतिम सूची के आधार पर आगामी सामान्य एवं उपचुनाव संपन्न कराए जाएंगे।


Spread the love