चंडीगढ़ में दिनदहाड़े हत्या, ऑटोमैटिक गन से 1 सेकेंड में दागीं 13 गोलियां, CCTV फुटेज वायरल

Spread the love


चंडीगढ़। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-11 में शनिवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब मेडिकल स्टोर के अंदर बैठे कैशियर की दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें


वायरल फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक अचानक मेडिकल स्टोर में दाखिल होते हैं। कुछ ही सेकेंड के भीतर उनमें से एक हमलावर ऑटोमैटिक पिस्तौल निकालता है और कैशियर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर देता है। बताया जा रहा है कि करीब 13 गोलियां महज 1-2 सेकेंड के भीतर दागी गईं, जिससे मौके पर ही कैशियर की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय जंकी दास के रूप में हुई है, जो सेक्टर-11 स्थित एक केमिस्ट शॉप पर कैशियर के तौर पर काम करता था। घटना के समय दुकान में अन्य ग्राहक भी मौजूद थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात पुलिस नाके से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुई। इसके बावजूद हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित टारगेट किलिंग माना जा रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे चंडीगढ़ में दहशत का माहौल है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे CCTV वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं कि किस तरह दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हमलावरों ने बेखौफ होकर गोलियां बरसाईं और फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।


Spread the love