उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों, हरिद्वार नगर निगम और मसूरी नगर पालिका कार्यालय के साथ ही रेलवे स्टेशन, केदारनाथ और बदरीनाथ समेत कई धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

Spread the love

सोशल मीडिया और ई-मेल पर धमकी मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मसूरी में नगर पालिका परिसर को आनन-फानन में खाली कराया गया। हरिद्वार में बम निरोधक दस्ते की टीम और डॉग स्क्वॉयड ने निगम परिसर की जांच की l धमकी भरी ई-मेल के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस का मानना है कि कर्णप्रयाग वाली घटना के इससे तार जुड़े हो सकते हैं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड

प्रदेश के पुलिस थानों को 25 जून को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मामले में मंगलवार को उपनिरीक्षक रवि प्रसाद कवि की ओर से केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि इंस्टाग्राम अकाउंट से भड़काऊ और धमकी भरी पोस्ट की गई। पोस्ट में लिखा गया ‘मैं उत्तराखंड पुलिस को चैलेंज करता हूं, जितने भी उत्तराखंड में थाने हैं, मैं धमाका करूंगा 25 जून 2026 को’। प्रारंभिक जांच में धमकी देने वाले मोबाइल नंबर और प्रोफाइल की पहचान जसप्रीत सिंह निवासी अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है।

रेलवे स्टेशन, केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे स्थलों को भी उड़ाने की धमकी

वहीं, हरिद्वार नगर निगम कार्यालय की आईडी पर मंगलवार सुबह आई धमकी भरी ई-मेल में हरिद्वार मेयर और नगर निगम कार्यालय, रेलवे स्टेशन, दिल्ली, केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विस्फोट करने की धमकी दी गई है।

धमकी में खालिस्तान समर्थक संगठन का भी नाम

ई-मेल में कथित तौर पर खालिस्तान समर्थक संगठन का नाम लेते हुए भड़काऊ बातें लिखी गई हैं। संदेश में गृह मंत्री अमित शाह और सीएम धामी के नाम का भी उल्लेख किया गया है। हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ और बदरीनाथ में जून से 4 जुलाई के बीच हमले की चेतावनी दी गई है। यही बातें मसूरी में मिली ई-मेल भी लिखी गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कर्णप्रयाग वाली घटना से जुड़े हो सकते हैं तार

बीते 16 जून को कर्णप्रयाग में निहंग सिख श्रद्धालुओं और लोगों के बीच विवाद हो गया था। इस घटना में चार निहंग अरेस्ट भी हुए थे और कई स्थानीय लोग घायल हुए थे। इसके बाद से सोशल मीडिया पर आक्रोशपूर्ण प्रतिक्रियाएं आ रही थीं। पुलिस का मानना है कि इसी घटना की आड़ में जानबूझकर जनता में खौफ पैदा करने और प्रदेश की शांति व्यवस्था भंग करने के उद्देश्य से धमाकों की धमकी दी गई है।

धमकी के बाद मसूरी पालिका खाली कराई

मसूरी। बम से उड़ाने की धमकी के बाद मंगलवार को नगर पालिका परिसर को खाली कराया गया। वहां बम निरोधक दस्ते ने जांच की l धमकी भरा ई-मेल पालिका और एसडीएम कार्यालय के ई-मेल पर आया है। मेल खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया है। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।


Spread the love