फर्जी आईपीएस बनकर लोगों को ठगने वाला शातिर दून पुलिस के हत्थे, कई एजेंसियों की फर्जी आईडी और वर्दी बरामद

Spread the love


देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून की सटीक रणनीति के तहत दून पुलिस ने खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों को प्रभाव में लेने और ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फर्जी पहचान के सहारे लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहा था।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त कभी खुद को आईपीएस अधिकारी, कभी वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, कभी रॉ (RAW) एजेंट तो कभी सीआरपीएफ सहित अन्य केंद्रीय एजेंसियों का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद वह अपने प्रभाव का झांसा देकर लोगों से विभिन्न प्रकार की जालसाजी करता था।
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्त एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी का पुत्र है। उसका सपना आईपीएस अधिकारी बनने का था, लेकिन सफलता हासिल न होने पर उसने फर्जी आईपीएस अधिकारी का रूप धारण कर लिया। लोगों को भ्रमित करने के लिए उसने फर्जी पहचान पत्र, विजिटिंग कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर रखे थे।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से विभिन्न सरकारी एजेंसियों के फर्जी आईडी कार्ड, विजिटिंग कार्ड, वर्दियां और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
दून पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और उसके इस फर्जी नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या फिर वह अकेले ही इस पूरे खेल को संचालित कर रहा था। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love