रुद्रपुर बनेगा कुमाऊ का भव्य प्रवेश द्वार, विधायक शिव अरोरा के प्रस्ताव को मिली मंजूरीउत्तराखंड की संस्कृति, इतिहास और लोककला की झलक देगा प्रवेश द्वार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जताया आभार

Spread the love


रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक और महत्वपूर्ण विकास परियोजना को गति मिल गई है। विधायक शिव अरोरा के प्रस्ताव पर रुद्रपुर में देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, इतिहास और लोककला पर आधारित कुमाऊ का भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। इस परियोजना की जानकारी विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि उन्होंने 20 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रस्ताव भेजा था कि रुद्रपुर, कुमाऊ का प्रवेश द्वार होने के कारण यहां उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान को दर्शाने वाला भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाए। इस प्रस्ताव को 17 मई 2023 को मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 677/2023 के तहत जिला विकास प्राधिकरण को इसकी डिजाइन और डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि पहले इस कार्य को लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाना था, लेकिन वर्तमान में इसकी जिम्मेदारी जिला विकास प्राधिकरण को दी गई है। प्राधिकरण द्वारा प्रवेश द्वार की डिजाइन और डीपीआर तैयार कर ली गई है। उत्तराखंड सीमा के निकट, डिग्री कॉलेज के पास प्रस्तावित स्थान पर इसका निर्माण किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि डीपीआर को स्वीकृति मिलने के बाद अगले 15 से 20 दिनों के भीतर जिला विकास प्राधिकरण निर्माण कार्य का टेंडर जारी करेगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
शिव अरोरा ने कहा कि यह प्रवेश द्वार केवल एक निर्माण कार्य नहीं होगा, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, कला, इतिहास और देवभूमि की पहचान का प्रतीक बनेगा। यहां आने वाले पर्यटकों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक मिलेगी। परियोजना में प्रवेश द्वार के आसपास बैठने की व्यवस्था, सुंदर उद्यान (गार्डनिंग) और पर्यटकों के लिए पूछताछ केंद्र जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे कुमाऊ आने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर के विकास को लेकर जनता के सामने जो संकल्प रखे गए थे, वे लगातार पूरे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकासवादी विजन के कारण क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। रुद्रपुर को उत्तराखंड का सांस्कृतिक प्रवेश द्वार बनाने की सौगात देने के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
पत्रकार वार्ता के दौरान मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, सिटी क्लब उपाध्यक्ष पंकज बांगा, पूर्व पार्षद सोनू अनेजा, राजेश पप्पल, अविनाश खन्ना, मनोज मदान, सुनील यादव, मयंक कक्कड़ सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Spread the love