रुद्रपुर। द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में उत्तराखंड सब-जूनियर (बालक एवं बालिका) सेपक टाकरा टीम के चयन के लिए ट्रायल का आयोजन 13 जुलाई 2026 (सोमवार) को दोपहर 2:00 बजे एमेनिटी पब्लिक स्कूल, काशीपुर रोड, रुद्रपुर में किया जाएगा।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
एसोसिएशन के महासचिव आनंद सिंह खंपा ने बताया कि सब-जूनियर वर्ग में केवल वही खिलाड़ी चयन ट्रायल में भाग ले सकेंगे जिनका जन्म 1 जनवरी 2012 या उसके बाद हुआ हो। ट्रायल में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए अपना आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा खेल वेश-भूषा साथ लाना अनिवार्य होगा।
महासचिव ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर में शामिल किया जाएगा। इसके बाद उत्तराखंड की सब-जूनियर टीम 6 से 10 सितंबर 2026 तक जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली 29वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर बालक एवं बालिका सेपक टाकरा चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर ट्रायल में पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की है।
