किच्छा में 117 नर्सिंग छात्रों का भविष्य अधर में: पूर्व मंत्री धीरेंद्र प्रताप ने की सूरजमल यूनिवर्सिटी के मालिक को नेपाल से घसीटकर जेल भेजने की मांग, 7 अगस्त को महा-सत्याग्रह

Spread the love

किच्छा/उधम सिंह नगर:सूरजमल विश्वविद्यालय कॉलेज ऑफ नर्सिंग के 117 छात्र-छात्राओं का भविष्य बर्बाद करने के खिलाफ उत्तराखंड कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री धीरेंद्र प्रताप ने विश्वविद्यालय के मालिक के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।

धीरेंद्र प्रताप ने आरोप लगाया कि आरोपी मालिक छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेलकर नेपाल फरार हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि आरोपी को नेपाल से पकड़कर भारत लाया जाए और पीड़ित छात्रों को उनकी वैध डिग्रियां तुरंत दिलाई जाएं। पीड़ित छात्र पिछले कई दिनों से कॉलेज के बाहर न्याय के लिए सत्याग्रह पर बैठे हैं।

छात्रों के द्वारा ज्ञापन

7 अगस्त को किच्छा में महा-सत्याग्रह, 4 सदस्यीय कमेटी गठित

छात्रों के आंदोलन को धार देने के लिए धीरेंद्र प्रताप ने खुद मैदान में उतरने का फैसला किया है। उन्होंने आंदोलन के संचालन के लिए एक 4 सदस्यीय विशेष कमेटी का गठन किया है, जिसमें शामिल हैं:

  • एडवोकेट राकेश कुमार उर्फ लड्डू सिंह
  • सूरजपाल सागर
  • हरीश पनेरु
  • अनिल जोशी

यह कमेटी 7 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे सूरजमल विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर विशाल सत्याग्रह का नेतृत्व करेगी। इसके बाद, धीरेंद्र प्रताप 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा में भी इस गंभीर मुद्दे को उठाएंगे।

प्रेस आमंत्रण: पत्रकार साथियों से अपील

आंदोलनकारी नेताओं  ने क्षेत्र के सभी मीडियाकर्मियों और पत्रकार भाइयों से अपील की है कि वे 7 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे सूरजमल यूनिवर्सिटी के बाहर होने वाले इस सत्याग्रह में पहुंचकर छात्रों की आवाज को बुलंद करें।


Spread the love