उत्तराखंड सब जूनियर सेपक टाकरा टीम के चयन ट्रायल संपन्न, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए जल्द होगी टीम घोषित

Spread the love

उत्तराखंड सब जूनियर सेपक टाकरा टीम के चयन ट्रायल संपन्न, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए जल्द होगी टीम घोषित
रुद्रपुर। द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में सोमवार, 13 जुलाई 2026 को एमेनिटी पब्लिक स्कूल में उत्तराखंड सब जूनियर (बालक/बालिका) सेपक टाकरा टीम के चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। यह टीम Sepak Takraw Federation of India के तत्वावधान में जम्मू-कश्मीर में 6 से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 29वीं सब जूनियर सेपक टाकरा (बालक/बालिका) राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


चयन ट्रायल में राज्य के विभिन्न जनपदों से करीब 30 खिलाड़ियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के बीच मुकाबले कराए गए तथा उनकी तकनीकी दक्षता का परीक्षण किया गया। प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन करते हुए चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ ऊधमसिंह नगर के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सेपक टाकरा खिलाड़ी डॉ. नागेंद्र शर्मा, लोकेश पाण्डेय, जया पाण्डेय, गौरव बिनवाल, श्वेता भाकुनी, किरण मौर्य तथा योगेश पाण्डेय सहित अनेक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संघ के महासचिव आनंद सिंह खंपा ने बताया कि सभी खिलाड़ियों के दस्तावेजों एवं प्रपत्रों की जांच पूरी होने के बाद उत्तराखंड सब जूनियर (बालक/बालिका) टीम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि टीम राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर सके। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की टीम इस बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी।


Spread the love