राजेश शुक्ला की उपलब्धियों में एक और कड़ी, किच्छा में मिनी स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू

Spread the love


किच्छा। किच्छा में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही इसे पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की विकास संबंधी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। सोमवार को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (वीसी) जय किशन ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ इंदिरा गांधी खेल मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


राजेश शुक्ला ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से किच्छा में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मिनी स्टेडियम बनाने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। प्रस्तावित स्टेडियम में क्रिकेट पिच, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, ओपन जिम समेत कई आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
राजेश शुक्ला के समर्थकों का कहना है कि किच्छा में एम्स सैटेलाइट स्वास्थ्य सुविधा की स्वीकृति, आधुनिक रोडवेज बस अड्डे की पहल, सड़क और आधारभूत ढांचे के विकास सहित कई बड़े कार्य पहले ही उनके प्रयासों से क्षेत्र को मिल चुके हैं। अब मिनी स्टेडियम की पहल को भी उसी श्रृंखला की एक और बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
राजेश शुक्ला ने कहा कि स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और किच्छा में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।


Spread the love