किच्छा में निर्दलीयों की बढ़ती दस्तक, क्या राष्ट्रीय दलों से मुक्ति का संदेश दे रही जनता?

Spread the love

करीब 10 निर्दलीय प्रत्याशियों का मैदान में उतरना बना चर्चा का विषय, मतदाताओं के सामने स्थानीय नेतृत्व चुनने की चुनौती

किच्छा। नगर पालिका परिषद चुनाव में करीब दस निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से राजनीतिक समीकरणों में हलचल दिखाई दे रही है। बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों का पर्चा भरना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि किच्छा की जनता स्थानीय मुद्दों, स्थानीय नेतृत्व और अपने क्षेत्र के हितों को लेकर अधिक सजग हो रही है।

उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से राष्ट्रीय दलों का प्रभाव रहा है। ऐसे में नगर पालिका चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों की मजबूत मौजूदगी एक अलग राजनीतिक संदेश देती दिखाई दे रही है। सवाल उठ रहा है कि क्या जनता अब केवल पार्टी के चुनाव चिन्ह के आधार पर मतदान करने के बजाय प्रत्याशी की योग्यता, छवि, क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता और काम करने की क्षमता को प्राथमिकता देना चाहती है?

किच्छा की जनता के सामने इस चुनाव में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रयोग का अवसर है। यदि निर्दलीय प्रत्याशी संगठित होकर जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता कायम करते हैं और मतदाता योग्य उम्मीदवारों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समर्थन देते हैं, तो इसका असर नगर पालिका से आगे की राजनीति पर भी पड़ सकता है।

उत्तराखंड के सवालों को लेकर राष्ट्रीय दलों की भूमिका पर भी समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। राजधानी के मुद्दे से लेकर मूल निवास, भू-कानून, रोजगार और राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान तक अनेक विषय ऐसे हैं, जिन पर उत्तराखंड की जनता अपने राजनीतिक प्रतिनिधियों से स्पष्ट जवाब चाहती है।

ऐसे माहौल में किच्छा नगर पालिका चुनाव को केवल स्थानीय निकाय का चुनाव मानना अधूरा होगा। यह चुनाव स्थानीय नेतृत्व बनाम दलगत प्रभाव की परीक्षा भी बन सकता है।

मतदाताओं के सामने बड़ा सवाल

निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या बढ़ने के साथ मतदाताओं की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। जनता को भावनाओं और राजनीतिक नारों से ऊपर उठकर प्रत्याशी की योग्यता, ईमानदारी, उपलब्धता और नगर के विकास के लिए उसकी स्पष्ट सोच को परखना होगा।

यदि किच्छा की जनता इस चुनाव में योग्य और जनसमर्पित उम्मीदवारों को एकजुट होकर समर्थन देती है और यह प्रयोग सफल रहता है, तो इसका राजनीतिक संदेश पूरे उत्तराखंड तक जा सकता है।

कहावत है—जब जनता एकजुट होकर अपना नेतृत्व तय करती है, तब बड़े से बड़ा राजनीतिक दल भी जनता की ताकत को नजरअंदाज नहीं कर सकता।

किच्छा में निर्दलीय प्रत्याशियों की यह दस्तक इसलिए महत्वपूर्ण है कि यह सवाल खड़ा कर रही है—क्या उत्तराखंड की राजनीति में अब स्थानीय नेतृत्व अपने दम पर नई जगह बनाने की तैयारी कर रहा है?

आने वाला चुनाव इसका जवाब देगा। किच्छा की जनता का फैसला केवल एक नगर पालिका का अध्यक्ष और सभासद चुनने तक सीमित रहेगा या फिर उत्तराखंड की राजनीति में एक नए राजनीतिक संदेश की शुरुआत करेगा, इस पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी।

किच्छा। नगर पालिका चुनाव में टिकट और दावेदारी को लेकर सियासी हलचल तेज है। मैदान में उतरने वाले दावेदारों के बीच मान-मनौव्वल, समझौते और समीकरणों का दौर भी चर्चा में है। ऐसे माहौल में एक सियासी तंज तेजी से चर्चा पकड़ रहा है—“जो बागी बैठ जाए, समझ जाइए उसे उसकी कीमत उसकी औकात के हिसाब से मिल चुकी है, तभी वह बैठ गया है।”
किच्छा की चुनावी राजनीति में बागियों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। टिकट से नाराज होकर निर्दलीय मैदान में उतरने की घोषणा करने वाला चेहरा अचानक चुनाव से पीछे हट जाए, तो राजनीतिक गलियारों में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि तेवर बदल गए?


Spread the love