15 की सब्सिडी को ₹15 लाख मानने की अपील, आम नागरिक ने खोला विकास का गणित

Spread the love


रुद्रपुर। उत्तराखंड यूपी रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और घटती सब्सिडी को लेकर आम नागरिकों के बीच एक नई दार्शनिक बहस शुरू हो गई है। चर्चा का विषय है—₹15 की गैस सब्सिडी, जिसे अब लोग मज़ाक में नहीं बल्कि “भविष्य का आर्थिक दर्शन” मानने लगे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एक समय था जब गैस सिलेंडर ₹300–₹400 में मिल जाता था। धीरे-धीरे कीमतें बढ़ती रहीं और अब सिलेंडर चार अंकों की ओर आत्मनिर्भर हो चुका है। इसी बीच मोदी सरकार द्वारा गैस कनेक्शन को आधार कार्ड से लिंक कर सब्सिडी सीधे खाते में भेजने की व्यवस्था लागू की गई।
शुरुआत में सब्सिडी की राशि को लेकर लोगों में उत्सुकता थी, लेकिन जब खाते में ₹15 की सब्सिडी का मैसेज आया, तो कई लोगों ने इसे “डिजिटल युग की सबसे छोटी उपलब्धि” बताया।
प्रधानमंत्री की अपील और जनता की परीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने भाषणों में सब्सिडी छोड़ने वालों की प्रशंसा किए जाने के बाद देश में एक वर्ग ऐसा भी सामने आया जिसने “त्याग” को राष्ट्रसेवा मानते हुए सब्सिडी लेने से इनकार कर दिया। हालांकि ज़मीनी हकीकत यह रही कि अधिकांश घरों में गैस चूल्हा भाषण से नहीं, सिलेंडर से ही जलता है।
इसी क्रम में कई परिवारों ने व्यावहारिक राष्ट्रवाद अपनाते हुए आधार लिंक कराया और सब्सिडी लेना शुरू किया। अब वर्षों बाद वही ₹15 की राशि लोगों को पहले मज़ाक और अब भावनात्मक सहारा लगने लगी है।
एक नागरिक ने व्यंग्य में कहा—
“चुनावी भाषणों में जब ₹15 लाख की बात होती है, तो हमने तय किया कि गणित में शब्दों को मान लिया जाए। इसलिए अब ₹15 को ₹15 लाख मानकर मानसिक संतोष पा लिया है।”
आधार, राशन और भविष्य की थाली
इधर सरकार द्वारा राशन कार्ड को भी आधार से लिंक करने की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन और सर्वर डाउन की राष्ट्रीय परंपरा के बीच लोग भविष्य को लेकर काफ़ी आशावादी दिख रहे हैं।
कुछ नागरिकों का मानना है कि आने वाले समय में राशन कार्ड पर सिर्फ़ अनाज ही नहीं, बल्कि सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना पका-पकाया घर पहुँचाया जाएगा। नागरिकों को बस लाइन में खड़ा होना होगा—बाक़ी सब व्यवस्था “डायरेक्ट बेनिफिट भोजन ट्रांसफर” के तहत संभव होगा।
फ्री संस्कृति पर विशेषज्ञों की राय
विशेषज्ञों का कहना है कि देश में फ्री योजनाओं की आदत अब इतनी गहरी हो चुकी है कि रोजगार, वेतन और स्थायी आय जैसे शब्द धीरे-धीरे शब्दकोश से बाहर हो रहे हैं। सवाल पूछने वालों की संख्या घट रही है और लाइन में खड़े रहने वालों की संख्या बढ़ रही है।
₹15—एक राशि नहीं, एक विचार
अब ₹15 की सब्सिडी को लोग रकम नहीं, बल्कि सरकारी दर्शन मान रहे हैं—
कम उम्मीद रखो,
जो मिले उसी में संतोष करो,
और आभार व्यक्त करते रहो।
खबर लिखे जाने तक देश का आम नागरिक लाइन में खड़ा था—
हाथ में आधार,
जेब में मोबाइल,
और मन में एक ही सवाल—
अगला मैसेज ₹15 का आएगा या ₹15 लाख का?


Spread the love