विश्व अंगदान दिवस पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में संगोष्ठी आयोजित, अंगदान के प्रति किया जागरूक

Spread the love



रुद्रपुर। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर एवं महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित देवभूमि अंगदान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सी.पी. भैंसोड़ा ने की।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता उत्तराखंड के मेडिकल डायरेक्टर एवं देवभूमि अंगदान केंद्र के डॉ. एल.एम. उप्रेती रहे। उन्होंने कहा कि वह पिछले 30 वर्षों से रक्तदान और अंगदान के क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मानव शरीर के लगभग सभी अंग दान किए जा सकते हैं। इस विषय पर उन्होंने एक पुस्तक भी लिखी है।
डॉ. उप्रेती ने कहा कि देश में ब्रेन-डेड की अवधारणा को व्यापक स्तर पर स्वीकार किए जाने के बाद अंगदान के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य किए जा सकेंगे। उन्होंने लोगों से अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।
प्राचार्य प्रो. डॉ. सी.पी. भैंसोड़ा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में ब्रेन-डेड से संबंधित आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर जल्द ही शासन को भेजी जाएगी, जिससे अंगदान की प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके।
इस अवसर पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुमन पांडे, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, डॉ. ऋतु राखोलिया, डॉ. जे.एस. बिष्ट, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. आदित्य, डॉ. वरुण, डॉ. रमनदीप कौर, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. नौशीन नियाज, अनुग्रह जोसफ, सुरेंद्र सिंह भंडारी, डॉ. ललित सिंह, डॉ. कात्यानी सिंह, डॉ. अतनु सेन, पेंशनर्स एंड सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के सचिव पी.सी. शर्मा, ब्लड बैंक टेक्नीशियन एन.एस. जवाहर, मनीष रावत और आर्यन सहित कई लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं देवभूमि अंगदान केंद्र के चेयरमैन कृष्ण मित्तल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए अंगदान के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


Spread the love