चावला थिएटर में रविवार शाम ठीक 6 बजे शुरू हुआ फिल्म का विशेष शो, पर्वतीय समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता; कैमरे में कैद हुए यादगार पल
रुद्रपुर। उत्तराखंड की संस्कृति, पहाड़ के स्वाभिमान और पारिवारिक रिश्तों की संवेदनशील कहानी पर आधारित फिल्म ‘पायर’ को लेकर रुद्रपुर में भी पर्वतीय समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। रविवार शाम ठीक 6 बजे चावला थिएटर में फिल्म का विशेष शो शुरू हुआ, जिसमें पर्वतीय समाज के लोग बड़ी संख्या में अपने परिवार और बच्चों के साथ फिल्म देखने पहुंचे।
फिल्म के प्रदर्शन के दौरान थिएटर में उत्साह और आत्मीयता का माहौल दिखाई दिया। पर्वतीय समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपनी संस्कृति, मातृभाषा और पहाड़ की वास्तविक जीवनशैली को बड़े पर्दे पर देखने के लिए सहभागिता की। खास बात यह रही कि कई लोग अपने बच्चों को भी साथ लेकर पहुंचे, ताकि नई पीढ़ी उत्तराखंड के गांवों, पारिवारिक परंपराओं, बुजुर्गों के जीवन और पहाड़ की सामाजिक परिस्थितियों को समझ सके।
पर्वतीय समाज समिति के अध्यक्ष गिरीश चंद्र जोशी और समाजसेवी एवं उद्यमी महेश कांडपाल की पहल ने इस आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्सुकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोगों की उपस्थिति ने यह संदेश भी दिया कि उत्तराखंड की भाषा, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी फिल्मों को प्रोत्साहन देने के लिए समाज आगे आ सकता है।
आज हम भी रुद्रपुर के चावला थिएटर में मौजूद रहे और इस विशेष अवसर के साक्षी बने। कार्यक्रम में पहुंचे अधिक से अधिक लोगों को अपने कैमरे में कैद करने का प्रयास किया गया है, ताकि इस सामूहिक सहभागिता और उत्साह के यादगार पलों को दर्शकों तक पहुंचाया जा सके। वीडियो में आप देख सकते हैं कि किस तरह पर्वतीय समाज के लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ फिल्म देखने पहुंचे।
फिल्म ‘पायर’ के माध्यम से पहाड़ के जीवन, बुजुर्गों की संवेदनाओं, पलायन, पारिवारिक रिश्तों और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश सामने आता है। रुद्रपुर में मिली यह सहभागिता निश्चित रूप से उत्तराखंड की क्षेत्रीय संस्कृति और सिनेमा के प्रति दर्शकों की रुचि को दर्शाती है।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स की विशेष कवरेज
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | अवतार सिंह बिष्ट
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, संपूर्ण भारत, देश-विदेश, खेल, आध्यात्मिक, राजनीतिक और जन सरोकारों की खबरों पर नजर।
रुद्रपुर में ‘पायर’ फिल्म का शो शुरू होते ही उमड़ा पर्वतीय समाज का उत्साह, परिवार और बच्चों के साथ पहुंचे दर्शक
