विश्व साइकिल दिवस पर निकली साइकिल रैली, जल उत्सव सप्ताह का शुभारंभ

Spread the love


रुद्रपुर, 03 जून 2026।विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर स्प्रिंग एण्ड रिवर रिजुनिवेशन ऑथोरिटी (सारा) के तत्वावधान में खेल विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के सहयोग से मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में साइकिल रैली एवं रेस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसी के साथ 1 जून से 15 जून तक आयोजित होने वाले “जल उत्सव सप्ताह” का भी विधिवत शुभारंभ हुआ।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से जल की बर्बादी रोकने, नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जल उत्सव सप्ताह के दौरान आमजन को जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने साइकिल रैली में शामिल प्रतिभागियों को जल संरक्षण और संवर्द्धन का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में कुल 235 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 200 प्रतिभागियों ने साइकिल रेस में भागीदारी की। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 6 बालक एवं 6 बालिकाओं को सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में अपूर्व बिष्ट ने प्रथम, देव समजदार ने द्वितीय तथा वेदान्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में पल्लवी प्रथम, नीलम द्वितीय और साक्षी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त तीन बालक एवं तीन बालिकाओं को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य कोषाधिकारी डाॅ. पंकज कुमार शुक्ल, सदस्य सचिव सारा एवं अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की सहित अनेक अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
साइकिल रैली के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने का प्रयास किया गया, जिसे प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक समर्थन दिया।


Spread the love