स्वतंत्रता दिवस पर उधमसिंह नगर में देशभक्ति की गूंज, खेल प्रतियोगिताओं से लेकर मंत्रियों के दौरे तक प्रशासन अलर्ट

Spread the love


रुद्रपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद उधमसिंह नगर में देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। खेल विभाग की ओर से 15 अगस्त को प्रातः 7 बजे से स्टेडियम से क्रॉस कंट्री रेस आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और युवाओं के शामिल होने की संभावना है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


इधर, देश विभाजन की पीड़ा और उसमें जान गंवाने वाले लोगों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए जनपद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, एडीएम पंकज उपाध्याय, ओसी हिमांशु कफलटिया, एसडीएम किच्छा गौरव पांडेय, डीजीसी मनोज तिवारी सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश के बंटवारे के दौरान दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा।
जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में राष्ट्रीय एकता और ऐतिहासिक चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से भाषण, निबंध लेखन, वाद-विवाद, परिचर्चा और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय अखंडता की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं।
इस बीच, उत्तराखंड सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी का 16 अगस्त को उधमसिंह नगर दौरा प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह पंतनगर पहुंचने के बाद उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड कार्यालय, रुद्रपुर में आयोजित बैठक में प्रतिभाग करेंगे। 17 अगस्त को वह पंतनगर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
वहीं, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या 15 अगस्त को रुद्रपुर पहुंचेंगी और होटल रेडिसन में रात्रि विश्राम करेंगी। 16 अगस्त को वह बाजपुर स्थित राम भवन धर्मशाला में आयोजित अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ के आठवें त्रैवार्षिक सम्मेलन में शामिल होंगी। इसके बाद उनका नैनीताल के चोरगलिया स्थित नंदौरगढ़ रिजॉर्ट पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है।
मंत्रियों के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।


Spread the love