ईरान के दक्षिण-पश्चिम भाग में स्थित बंदर अब्बास शहर में शनिवार (26 अप्रैल, 2025) को शहीद राजई बंदरगाह पर एक बड़ा धमाका हुआ. ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार इस धमाके में अब तक 400 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी है.

बंदरगाह पर धमाके के बाद हर तरफ से लोगों की चीख पुकार मच गई. वहीं, भीषण विस्फोट के बाद आग बुझाने के लिए बंदरगाह के सभी गतिविधियों को तुरंत रोक दिया गया है. ईरान के सेमी-ऑफिशियल तसनीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बंदरगाह पर भारी संख्या में लोग काम करते हैं, ऐसे में इस धमाके में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के घायल होने और मारे जाने की आशंका है.

दुर्घटना के बारे में अधिकारियों ने दी जानकारी

एक भीषण धमाके के बारे में एक स्थानीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख मेहरदाद हसनजदेह ने ईरान के सरकारी मीडिया से कहा, ‘इस भीषण दुर्घटना के पीछे का कारण शहीद राजई बंदरगाह पर रखे हुए कंटेनरों में हुआ विस्फोट था. फिलहाल हम घटनास्थल से सभी घायलों के निकालकर इलाज के लिए मेडिकल सेंटरों में भेज रहे हैं.

जबकि हॉर्मोज़गन रेड क्रिसेंट सोसाइटी के प्रमुख मुख्तार सलाहशौर ने सरकारी टीवी मीडिया से कहा, ‘बंदरगाह पर हुए भीषण विस्फोट के बाद चार रैपिड रेस्पॉन्स टीमों को मौके पर भेजा गया है.”

कई किलोमीटर दूर तक हुआ धमाके का असर

बंदरगाह पर हुआ धमाका इतना जोरदार था कि कई किलोमीटर दूर तक इमारतों के खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए. वहीं, इस धमाके के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें इस विस्फोट के बाद आसमान में उठता धुएं का गुबार देखा जा सकता है.