रुद्रपुर गदरपुर के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता प्रेमानंद महाजन ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के समर्थन में खुलकर आते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ईडी (ED) की हालिया छापेमारी और सोशल मीडिया पर चल रहा दुष्प्रचार पूरी तरह से भाजपा की एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
महाजन ने कहा, “जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, भाजपा अपनी संभावित हार से बौखलाकर केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग शुरू कर देती है। 10 साल पुराने मामलों को अचानक हवा देना यह साबित करता है कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है।” उन्होंने आगे कहा कि हरीश रावत उत्तराखंड के सर्वमान्य जननेता हैं और उनके संगठन के पदों से इस्तीफे की पेशकश उनकी उच्च नैतिकता का प्रमाण है। महाजन ने चेतावनी दी कि पूरा उत्तराखंड ‘हरदा’ के साथ मजबूती से खड़ा है और जनता भाजपा की इस दमनकारी राजनीति का जवाब चुनाव में देगी।
प्रेमानंद महाजन पूर्व विधायक बयानभाजपा सरकार जब-जब अपनी राजनैतिक जमीन खोने लगती है और जनता के बुनियादी मुद्दों पर घिरती है, तब-तब वह विपक्ष की आवाज दबाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग शुरू कर देती है। आदरणीय हरीश रावत जी सिर्फ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नहीं हैं, बल्कि वे उत्तराखंड के करोड़ों लोगों की जनभावनाओं के प्रतीक हैं। साल 2016 के पुराने मामलों को आज 2026 में चुनावी लाभ लेने के लिए दोबारा हवा दी जा रही है। यह सोची-समझी राजनीतिक साजिश सिर्फ एक नेता पर नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के स्वाभिमान पर हमला है। हम इस राजनैतिक उत्पीड़न और सोशल मीडिया पर चल रहे दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देंगे। पूरा उत्तराखंड और ऊधमसिंह नगर का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ ‘हरदा’ के पीछे खड़ा है और जनता इस दमनकारी राजनीति का जवाब आने वाले चुनावों में देगी।”
