उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भाजपा ने सियासी बिगुल फूंक दिया है। पार्टी का फोकस अब उन क्षेत्रों पर भी है, जहां पिछले चुनावों में उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। इसी कड़ी में हरिद्वार को केंद्र में रखकर संगठन की बड़ी बैठक करने की तैयारी है।

आने वाले दिनों में केंद्रीय नेताओं के दौरों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों और विधानसभा स्तर पर होने वाले आयोजनों के जरिए पार्टी प्रदेश में सियासी माहौल गर्माएगी। संगठन से लेकर चुनावी मोर्चे तक की इस पूरी कवायद के बीच नवंबर और दिसंबर उत्तराखंड भाजपा के लिए खास रहने वाले हैं।

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर

भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में होगी। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के प्रदेश प्रभारी राम माधव भी मौजूद रहेंगे।

हरिद्वार में भाजपा की चुनावी रणनीति तैयार होगी

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पहले दिन सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों की कार्य समिति होगी। अगले दिन 22 नवंबर को विस्तारित कार्य समिति की बैठक होगी। इसमें चुनावी तैयारियों और रणनीतियों पर चर्चा होगी। बैठक में सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन भी मौजूद रहेंगे।

विदित है कि हरिद्वार जिले में पिछले चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा था। ऐसे में प्रदेश कार्य समिति की बैठक हरिद्वार में करने का निर्णय लिया गया है। भट्ट ने बताया कि 15 नवंबर को मसूरी में होने वाली बैठक में विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाले त्रिदेव सम्मेलन व अन्य सम्मेलनों की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके अलावा भाजपा ने बुधवार से 15 दिनों तक राज्य के सभी शक्ति केंद्रों पर राज्य स्थापना दिवस मनाने का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।

शाह और योगी गरमाएंगे सियासी माहौल

भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान इस माह के आखिर से गति पकड़ने जा रहा है। इसके लिए पार्टी की ओर से एक दर्जन केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। पार्टी के राज्य संगठन की ओर से इसके लिए हाईकमान को एक दर्जन नेताओं की मांग की गई है। भट्ट ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर जैसे नेताओं के कार्यक्रम मांगे गए हैं। उन्होंने बताया कि नवंबर और दिसंबर माह में राज्य के विधानसभा स्तर पर अनेक कार्यक्रम होने हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे भी जल्द

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी नवंबर और दिसंबर में कार्यक्रम होने हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मैदानी क्षेत्र के साथ ही पर्वतीय क्षेत्र में भी एक-दो रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके लिए पार्टी की ओर से कार्य योजना तय की जा रही है।

Advertisement