मातृ मृत्यु दर कम करने को सीडीओ सख्त, स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

Spread the love



रुद्रपुर। जनपद में मातृ मृत्यु दर को कम करने और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (एचआरपी) की निगरानी तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम का साप्ताहिक ड्यूटी रोस्टर अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। समीक्षा के दौरान चिन्हित कमियों को तत्काल दूर करने तथा कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की दैनिक रिपोर्ट नियमित रूप से कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, जिससे आपात स्थिति में समय पर कार्रवाई की जा सके।
बैठक में गृह प्रसव के मामलों पर भी सख्त रुख अपनाया गया। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के लिए शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता दी जाएगी तथा लापरवाही बरतने वाली दाइयों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े प्रस्ताव शीघ्र कार्यालय को भेजने के निर्देश देते हुए कहा कि मातृ मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल समेत स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एएनएम और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love