इस दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कई बाराती जान बचाने को मैरिज हॉल के पास मकान की छत से कूदकर भाग गए। सूचना पर पुलिस पहुंची ने हालात को नियंत्रित किया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
बाइक के बाद पांच लाख की डिमांग पर अड़ा दूल्हा पक्ष
इस्लामनगर वार्ड नंबर-7 के सादिक ठेकेदार की बेटी की बारात रविवार को बरेली के बड़ा फरीदपुर से आई थी। निकाह के समय मेहर की राशि पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि शादी तय होने के बाद भी लड़का पक्ष ने पहले स्कूटी और बाद में अपाचे बाइक और एक लाख रुपये की मांग की । निकाह के समय लड़की पक्ष मेहर की राशि पांच लाख रुपये तय करने पर अड़ा था। लड़का पक्ष 21 हजार से अधिक देने को तैयार नहीं था। विवाद में सादिक को हार्टअटैक आ गया। उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गमगीन हो गया माहौल
दहेज और मेहर की रकम को लेकर विवाद में दुल्हन के पिता की हार्टअटैक से मौत की खबर मिलते ही माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित लोगों ने दूल्हा, उसके बहनोई, भाई समेत कई बारातियों को घेर लिया और मारपीट की। कई बाराती पास के मकान की छत से कूदकर भागे, जिससे छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ लोग घायल हो गए।
विवाद के दौरान मैरिज हॉल में कुर्सियां भी तोड़ दी गईं। पुलिस ने किसी तरह महिलाओं, बच्चों और अन्य बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक कोतवाल विजेंद्र शाह और एसआई किशोर पंत की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी थी। कोतवाल ने बताया कि समझौते का प्रयास किया जा रहा है। यदि कोई समाधान नहीं निकलता है तो दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मौके पर मौलाना इरफानुल हक, सभासद असलम अंसारी, पूर्व बीडीसी सदस्य ताहिर, अराफात, बाबू प्रधान, नफीस अंसारी, मौलाना फरियाद आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पुलिस को फटकारनी पड़ीं जमीन पर लाठियां
खटीमा। मैरिज हॉल इस्लामनगर के बीच में है, जहां लगभग बीस हजार से अधिक की आबादी है। दुल्हन के पिता की मौत के बाद हजारों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस बार-बार भीड़ से मौके से हटने के लिए अनाउंस करती रही। कई बार पुलिस को जमीन पर लाठियां भी फटकारनी पड़ीं। इधर, दुल्हन के पिता की मौत के बाद सबसे बड़े भाई जाहिद के ऊपर अपनी बहन की शादी कराने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। लड़की के रिश्तेदारों के मुताबिक, देर रात तक लड़की के पिता सादिक का जनाजा रखा जाएगा। लड़की सदमे में है, वहीं अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों में दहेज लोभियों को लेकर काफी आक्रोश है।
