ठुकराल ने मृतकों के परिजनों को बंधाया ढांढस
रूद्रपुर। लोहाघाट में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में डिबडिबा निवासी दो सगे भाई प्रकाश चन्द्र उनियाल और केवल चन्द्र उनियाल तथा उनके रिश्तेदार पंतनगर निवासी सुरेश चन्द्र नौटियाल की मौत के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा लोहाघाट के बाराकोट क्षेत्र के पास उस समय हुआ, जब बारात की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कुल पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
मृतकों के शव जैसे ही ग्राम डिबडिबा पहुंचे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल बन गया। इस दुखद अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस असहनीय पीड़ा की घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने समाज से भी अपील की कि इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के साथ हर संभव सहयोग और संवेदना का हाथ बढ़ाएं।
इस दौरान कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण भी मौजूद रहे, जिन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।

