रुद्रपुर की बहुप्रतीक्षित काशीपुर बाईपास सड़क के चौड़ीकरण को लेकर एक बार फिर उम्मीदें जगी हैं। नगर निगम ने एनओसी दे दी है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब हाईकोर्ट के आदेश वर्षों पहले आ चुके हैं तो आखिर अब तक सड़क क्यों नहीं बनी? क्या प्रशासनिक प्रक्रियाओं की आड़ में जनता को सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहेगा?
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
एक और प्रश्न यह भी है कि क्या सड़क हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप पूरी चौड़ाई में बनेगी या फिर व्यापारिक और राजनीतिक दबावों के चलते इसकी चौड़ाई कम कर दी जाएगी? चुनावी वर्ष नजदीक आते ही परियोजनाओं की घोषणाएं तेज हो जाती हैं, ऐसे में जनता यह जानना चाहती है कि यह विकास की वास्तविक शुरुआत है या 2027 से पहले की एक और राजनीतिक घोषणा।
हालांकि यदि काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा हो जाता है, तो इसे रुद्रपुर में भाजपा सरकार के अब तक के सबसे महत्वपूर्ण और प्रभावशाली विकास कार्यों में गिना जाएगा। अब निगाहें घोषणाओं पर नहीं, जमीन पर दिखने वाले काम पर टिकी हैं।
बहुप्रतीक्षित काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण का रास्ता साफ, नगर निगम ने दी एनओसी
रुद्रपुर, 1 जून। शहर की वर्षों पुरानी जाम की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। बहुप्रतीक्षित काशीपुर बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। नगर निगम रुद्रपुर ने चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित भूमि को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को हस्तांतरित करने हेतु अपनी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्रदान कर दी है।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि काशीपुर बाईपास शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन भारी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। सड़क संकरी होने के कारण लोगों को लंबे समय से जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए मार्ग के चौड़ीकरण की योजना तैयार की गई थी।
उन्होंने बताया कि चौड़ीकरण की जद में नगर निगम की कुछ दुकानें आने के कारण व्यापारियों में चिंता का माहौल था। प्रभावित व्यापारियों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया, जिसके बाद सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई में आंशिक संशोधन किया गया। इससे व्यापारियों को राहत मिली और परियोजना को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
महापौर के अनुसार, भूमि हस्तांतरण से संबंधित तकनीकी प्रक्रिया पूरी करते हुए नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग को एनओसी जारी कर दी है। अब विभाग द्वारा चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाए जाने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। सड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या में कमी आएगी, आवागमन आसान होगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहर के सुनियोजित विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण परियोजना के पूर्ण होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
