भीमताल में करंट लगने से मजदूर की मौत, पूर्व राज्य मंत्री ने जिलाधिकारी से की जांच और मुआवजे की मांग

Spread the love

भीमताल/नैनीताल, 7 जून 2026। विकासखंड ओखलकांडा के ग्राम रैकुना निवासी श्री तेज सिंह बोरा की भीमताल स्थित ग्राफिक एरा परिसर में करंट लगने से हुई मौत के मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्व राज्य मंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा मृतक के परिजनों को कम से कम ढाई लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


पत्र में कहा गया है कि 6 जून 2026 को तेज सिंह बोरा भवन की छत पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से उन्हें गंभीर करंट लगा और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताया गया कि इसी स्थान पर पूर्व में भी करंट लगने से एक व्यक्ति की जान जा चुकी है, जिसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
हरीश पनेरु ने यह भी उल्लेख किया कि एक वर्ष पूर्व भवाली स्थित जॉर्ज होटल में करंट लगने से रोहित पाण्डे की मृत्यु हुई थी, लेकिन आज तक उनके परिजनों को उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद के कई क्षेत्रों में हाईटेंशन विद्युत लाइनें आवासीय भवनों और घनी आबादी के बेहद निकट से गुजर रही हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ऐसी घटनाएं विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।
पूर्व राज्य मंत्री ने जिलाधिकारी से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाए। साथ ही मृतक के आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने के अलावा जिले में गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
क्षेत्रवासियों ने भी प्रशासन से मृतक परिवार को न्याय दिलाने और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की है।


Spread the love