हल्द्वानी में ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी, दीवार तोड़कर लाखों के आभूषण उड़ाए

Spread the love


हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा चौराहे पर स्थित राधिका ज्वेलर्स में बीती रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। चोर पास की दूसरी दुकान से दीवार तोड़कर ज्वेलरी शॉप के भीतर दाखिल हुए और करीब 25 किलो चांदी व लगभग 400 ग्राम सोने के आभूषण समेटकर फरार हो गए। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने दीवार तोड़ने के लिए छेना और हथौड़ी का इस्तेमाल किया। दुकान के अंदर घुसने के बाद उन्होंने तिजोरी काटने की भी कोशिश की, हालांकि पूरी तरह सफल नहीं हो सके। चोरी की वारदात को छिपाने के लिए चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की DVR भी अपने साथ ले ली, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिलने में कठिनाई आ रही है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


सुबह जब दुकान मालिक को घटना की जानकारी मिली तो आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया गया।
पुलिस को शुरुआती जांच में शक है कि पास की दुकान में काम कर रहे कारपेंटरों की भूमिका संदिग्ध हो सकती है, क्योंकि उन्हें दीवारों और संरचना की अच्छी जानकारी रहती है। इस एंगल से भी जांच की जा रही है और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
 मामले में पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी से जुड़ी हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए…


Spread the love