जसपुर में 8 अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापा, 3 को नोटिस, सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देश पर

Spread the love


रुद्रपुर/जसपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में अवैध लिंग जांच पर रोक और पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को जसपुर क्षेत्र में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कुल 08 अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच की गई, जिसमें 03 केंद्रों में खामियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देश पर गठित टीम में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट जसपुर डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत और पीसीपीएनडीटी कोऑर्डिनेटर प्रदीप मेहर शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले सीएचसी जसपुर स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया, जहां पाया गया कि रेडियोलॉजिस्ट सप्ताह में केवल एक दिन ही सेवाएं दे रहे हैं।
इसके बाद टीम ने गर्ग अल्ट्रासाउंड सेंटर, उर्मिला नर्सिंग होम, अरिहंत हॉस्पिटल, गहलोत नर्सिंग होम, किलकारी हॉस्पिटल और परी हॉस्पिटल समेत अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही एक नए अल्ट्रासाउंड केंद्र के पंजीकरण आवेदन के तहत दस्तावेजों और मशीनों के मानकों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
निरीक्षण के दौरान 05 केंद्रों में पीसीपीएनडीटी अधिनियम-1994, फॉर्म-एफ रिकॉर्ड, उपकरणों की स्थिति और स्टाफ उपलब्धता संतोषजनक पाई गई। वहीं 03 केंद्रों में रजिस्टर अपडेट न होने और अभिलेखों में मामूली कमियां सामने आईं, जिसके चलते संबंधित संचालकों को सुधारात्मक नोटिस जारी किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित केंद्रों को 07 कार्य दिवस के भीतर कमियों को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल ने कहा कि जनपद में गिरते लिंग अनुपात को सुधारने और अवैध लिंग जांच पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जसपुर की सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही पड़ोसी जनपदों के साथ संयुक्त अभियान भी चलाया जाएगा।


Spread the love